ग़ाज़ियाबाद : संवाददाता हरीश चौहान। बृहस्पतिवार 12 मार्च को आगामी त्यौहारों एवं पर्वों के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा, सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ तथा एड0सीपी लॉ एंड ऑर्डर राज करन नैय्यर की अध्यक्षता में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में पुलिस विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग, राजस्व विभाग, अग्निशमन विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं विभिन्न धार्मिक समुदायों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ग़ाज़ियाबाद द्वारा उपस्थित धार्मिक प्रबुद्धजनों से आगामी त्यौहारों के दौरान संभावित समस्याओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव प्राप्त किए गए। प्रबुद्धजनों द्वारा मुख्य रूप से सुरक्षा, यातायात एवं स्वच्छता से संबंधित विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने बताया कि त्यौहारों के दौरान भीड़भाड़ के कारण चोरी, छिनैती एवं जेबकतरी की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरतने का अनुरोध किया गया।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थलों पर अधिक भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने तथा लोगों को लंबे समय तक जाम की स्थिति का सामना करने की समस्या भी अवगत कराई गई। साथ ही भीड़भाड़ के चलते कार्यक्रम स्थलों के आसपास कीचड़ एवं गंदगी की समस्या उत्पन्न होने की संभावना के मद्देनज़र सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ रखने का अनुरोध किया गया।

जिलाधिकारी ने सभी सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में सभी त्यौहारों एवं पर्वों को सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग, जल निगम तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रम स्थलों एवं उनके आसपास स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा सड़क व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि 24×7 निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त न होने पाए। वहीं पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए गए।

एड0सीपी राज करन नैय्यर ने कहा कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति महसूस होती है, तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करे। पुलिस की टीम त्वरित रूप से सहायता हेतु उपलब्ध रहेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त किसी भी भ्रामक या असत्य सूचना पर ध्यान न दें और ऐसी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें, ताकि उस पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

अंत में जिलाधिकारी ग़ाज़ियाबाद ने कहा कि प्रशासन, पुलिस एवं आमजन के पारस्परिक सहयोग से ही सभी त्यौहारों एवं पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा सकता है।



Share To:

Post A Comment: