ग़ाज़ियाबाद। शहरवासियों पर थोपे गए बेतहाशा गृहकर (House Tax) और नगर निगम अधिकारियों के अड़ियल रवैये के खिलाफ ग़ाज़ियाबाद उद्योग व्यापार मण्डल ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। बृहस्पतिवार को मण्डल के अध्यक्ष अवधेश शर्मा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी ग़ाज़ियाबाद को सौंपा गया, जिसमें शहर के जनप्रतिनिधियों की विफलता और निगम अधिकारियों की मनमानी पर कड़ा प्रहार किया गया है।
9 महीने की 'विफलता' का हिसाब मांगेगी जनता: -
व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अवधेश शर्मा ने तीखे शब्दों में कहा कि नगर निगम की बोर्ड बैठक में गृहकर वृद्धि के प्रस्ताव को निरस्त हुए 9 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अफसोस की बात है कि शहर के जनप्रतिनिधि इसे लागू करवाने में पूरी तरह विफल रहे हैं।
अवधेश शर्मा ने कहा कि "यह जनता के साथ विश्वासघात है कि सदन के निर्णय के बावजूद आज तक निगम अधिकारियों ने 'मिनट्स' सार्वजनिक नहीं किए। जनप्रतिनिधियों की यह उदासीनता शहरवासियों के आर्थिक उत्पीड़न को बढ़ावा दे रही है।"
18 अप्रैल 2026 से 'अनोखा' सत्याग्रह, आधी दाढ़ी आधी मूंछ: -
यदि 18 अप्रैल 2026 तक बढ़ी हुई टैक्स दरों को वापस नहीं लिया गया, तो उद्योग व्यापार मण्डल एक ऐसा आंदोलन शुरू करेगा जिसकी गूँज पूरे प्रदेश में सुनाई देगी। इस शांतिपूर्ण जन-आंदोलन के मुख्य बिंदु निम्नलिखित होंगे:
बुद्धि-शुद्धि यज्ञ: सोए हुए तंत्र और उदासीन जनप्रतिनिधियों की चेतना जगाने के लिए यज्ञ किया जाएगा।
अनोखा मुंडन: विरोध स्वरूप अवधेश शर्मा आधी दाढ़ी और आधी मूंछ का मुंडन कराकर जनता के बीच जाएंगे।
गली-गली जन-जागरण: इस अनूठे रूप में शहर की हर गली और मोहल्ले में जाकर लोगों को जनप्रतिनिधियों की विफलता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्य मांगें:
गृहकर वृद्धि को तत्काल निरस्त किया जाए।
नगरनिगम बोर्ड बैठक के 'मिनट्स' को अविलंब सार्वजनिक किया जाए।
जनता का आर्थिक उत्पीड़न बंद हो।
गाजियाबाद उद्योग व्यापार मण्डल ने स्पष्ट कर दिया है कि अब बातों का समय समाप्त हो चुका है। यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधि नहीं जागे, तो 18 अप्रैल से शहर की सड़कों पर एक ऐतिहासिक शांतिपूर्ण क्रांति देखने को मिलेगी।
ज्ञापन में शामिल लोगो में आर के गर्ग, गौरव बंसल, दिनेश शर्मा जमदग्नि, राम गोपाल शर्मा जिला अध्यक्ष ब्राह्मण महासभा, अखिलेश शर्मा अध्यक्ष बौंहजा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, जयप्रकाश, आर के गोयल, कपिल सक्सेना, संजीव गुप्ता, सोनवीर तेवतिया, प्रीतपाल खोसला, विकल चौधरी, राजेश भारद्वाज, मनोज गौर, संतोष शर्मा, प्रीतम लाल, राजीव अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।






Post A Comment: