ग़ाज़ियाबाद : बृजेश कुमार। बुधवार 22 मई को भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी गाजियाबाद इकाई द्वारा घोषित रेड क्रॉस सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भारत विकास परिषद राजनगर एक्सटेंशन शाखा के संयुक्त प्रयास से गत 3 वर्षों से चल रही गोवंश नंदी हरा चारा सेवा गाजियाबाद स्थित नंदी पार्क में की गई। 

इस शुभ अवसर पर गाजियाबाद के अभिभावक, संत शिरोमणि महंत नारायण गिरी जी की पावन उपस्थिति में गाजियाबाद प्रशासन में सेवा और समर्पण के नाम से पहचान बनाने वाले, गाजियाबाद में शिक्षा ध्वज वाहक अपर जिलाधिकारी नगर गंभीर सिंह के कर कमलों द्वारा बेजुबान जीव नंदियों को हरा चारा खिलाया गया। 

महंत नारायण गिरी जी ने कहा कि जीव की सेवा ही शिव की सेवा है और उनकी सेवा करने से ही मनुष्य की पाप मुक्ति होती है। अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने रेड क्रॉस और भारत विकास परिषद के द्वारा किए जा रहे इस सेवा कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और उन्होंने इस प्रकार के  सेवा कार्य के लिए गाजियाबाद के अन्य समाजसेवी संगठन व बुद्धिजीवियों को भी आमंत्रित किया।

सर्वप्रथम रेड क्रॉस व भारत विकास परिषद द्वारा दोनों विभूतियों को अंग वस्त्र तथा एक स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

आज का सेवा दृश्य बहुत ही अनूठा प्रतीत हो रहा था जब आध्यात्मिक धार्मिक बुद्धि वर्ग तथा शिक्षित प्रशासनिक वर्ग एक साथ मिलकर सेवा कार्यों में संलग्न थे। क्योंकि आज नंदियों को हरा चारा खिलाने के साथ-साथ नगर निगम के इस नंदी पार्क में सेवारत सभी कर्मियों को सूक्ष्म जलपान भी कराया गया और सभी महिला कर्मियों को स्वच्छता का संदेश देने के लिए महिला टोली द्वारा सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए।

विज्ञप्ति जारी करते हुए रेड क्रॉस गाजियाबाद सभापति डॉ सुभाष गुप्ता ने कहा कि हम सभी कार्य ईश्वर की पूजा मानकर करते हैं और हमें इस प्रकार की सेवा कार्य करके बहुत ही आत्म संतुष्टि होती है। यह हमारी साप्ताहिक सेवा है जो लगभग पिछले तीन वर्षों से धवल गुप्ता और शुभम चतुर्वेदी के सौजन्य से संपन्न हो रही है। जिसको आज रेड क्रॉस सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भारत विकास परिषद राजनगर एक्सटेंशन के माध्यम से किया गया है। जिसके लिए मैं रेड क्रॉस की पूरी टीम और भारत विकास परिषद के अधिकारियों व सदस्यों का हृदय की गहराइयों से आभार प्रकट करता हूँ। सेवा के मार्ग पर ईश्वर और मित्र आपके साथ हैं कोई आपके कदम नहीं डगमगा सकता।

आज इस सेवा यज्ञ  में सुभाष गुप्ता के साथ सुषमा गुप्ता, अनुराग अग्रवाल, मनोज खंडेलवाल, छोटेलाल कनौजिया, दर्शन अग्रवाल, संदीप गुप्ता, पूजा वर्मा आदि ने अपनी उपस्थित व सहयोग से अपनी अपनी आहुति दी।

जब महिला कर्मियों को जलपान दिया जा रहा था तो महंत नारायण गिरी जी इतने भाव विभोर हो उठे की सभी का कुशल क्षेम भी पूछा और अपनी निजी जेब से भेंट देकर सभी को आशीर्वाद भी दिया। कार्यक्रम के अंत में सुभाष गुप्ता ने महंत नारायण गिरी और अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह को धन्यवाद ज्ञापित किया।




Share To:

Post A Comment: