गाजियाबाद : बृजेश श्रीवास्तव। शुक्रवार 5 मई 2023। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा आप का एक वोट नई क्रांति को जन्म देने का है। यह क्रांति सुशासन, विकास और राष्ट्रवाद की होगी। सीएम ने सपा-बसपा, लोकदल व कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा पूर्व सरकारों में दंगों के दाग से गाजियाबाद ही नहीं प्रदेश बदनाम था। जब आपकी अपनी सरकार आई तो दंगों का कलंक समाप्त हुआ। आज जिले में शांति व सौहार्द है। कानून का राज स्थापित है। माफियाओं को उनकी असली जगह पहुंचाया जा रहा है। सपा-लोकदल का गठबंधन अवसरवादी व अराजकतावादी है। अराजकता की जड़ पर जब मट्ठा डालने का कार्य किया जा रहा है तो इन्हें परेशानी हो रही है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को कविनगर रामलीला मैदान में भारतीय जनता पार्टी के महापौर, पालिकाध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, सभासद प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा यूपी नए विकास के दौर से गुजर रहा है। यूपी की पहचान सुशासन, विकास की सकारात्मक सोच व राष्ट्रवाद के आधार पर बन रही है। उत्तर प्रदेश में अब कर्फ्यू के लिए कोई जगह नहीं है। कांवड़ यात्रा यूपी की पहचान बन रही है।

सीएम ने कहा कि विकास के पथ पर नित नए प्रतिमान स्थापित करने के लिए यूपी ने छलांग लगाई है। 2014 के पहले दुनिया की धारणा अलग थी। अब धारणा बदली है। लोग भारत के बारे में अब सकारात्मक भाव रखते हैं। कोई सोचता ना था गाजियाबाद को दिल्ली से जोड़ने के लिए 16 लेन हाइवे एक्सप्रेसवे समय से बनकर तैयार हो जाएगा। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश विकास की नई ऊंचाईयों को छू रहा है। जनपद विकास के पथ पर अग्रसर है। इसके लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने मंच से माफियाओं और विरोधियों पर भी जमकर निशाना साधा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेशेवर अपराधियों और माफियाओं के हाल तो आप देख ही रहे हैं। प्रदेश की जनता सुरक्षित है। परिवारवादी और तमंचावादी परेशान हैं। आप 2017 से पहले के प्रदेश को याद करें तो पहले पर्व और त्यौहार से पूर्व कर्फ्यू लग जाता था। आज धूमधाम से कांवड़ यात्रा निकाली जाती है। 2017 से पहले प्रदेश दंगा प्रदेश था। लेकिन पिछले छह वर्ष में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। पहले व्यापारियों से रंगदारी मांगी जाती थी, धमकियां दी जाती हैं। आज आम आदमी सीना तानकर चलता है और अपराधी और माफिया तख्ती डालकर चलते हैं। आज व्यापारियों को रंगदारी नहीं देनी पड़ती। हमने व्यापारी कल्याण बोर्ड के माध्यम से दस लाख का बीमा दिया है। अपराधी सिर झुकाकर चलते हैं और जान की भीख मांगते हैं।

अब उत्तर प्रदेश पहले वाला उत्तर प्रदेश नहीं है। वह पूरे देश का पेट भरने की सामर्थ रखता है। आज उत्तर प्रदेश अपनी अलग पहचान बना रहा है। प्रदेश का नागरिक आज बाहर जाता है तो गर्व से सीना तानकर कहता है कि मैं उत्तर प्रदेश का नागरिक हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन को प्रदेश में लागू करके विकास किया है। 2017 से पहले हमारे नगरों में कूड़े के ढेर लगे रहते थे, शोहदों का आतंक था। लेकिन आज हमारे शहर स्मार्ट सिटी बन गए हैं। विरोधियों ने युवाओं के हाथों में तमंचा थमाया था, हमने टेबलेट दिए हैं।

उन्होंने कहा कि गाजियाबाद की देश में अलग पहचान है। उन्होंने कहा कि हमारी पहचान विकास है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लाभ भी गाजियाबाद, नोएडा वासियों को मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले में विकास का हवाला देते हुए नगर निगम गाजियाबाद के महापौर व पार्षद और लोनी, खोड़ा, मोदीनगर की नगर पालिका परिषद, निवाड़ी, पतला, फरीदनगर, डासना नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासद के भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील की। 

इस अवसर पर मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल, पालिकाध्यक्ष प्रत्याशी रीना भाटी, विनोद जाटव वैशाली, पुष्पा सतपाल प्रधान के अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष  प्रत्याशियों के अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल डॉ वीके सिंह, देवरिया सांसद व प्रवासी प्रभारी रमाकांत त्रिपाठी, प्रभारी मंत्री असीम अरुण, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, सह प्रभारी विधायक जयपाल सिंह , विधायक अतुल गर्ग, सुनील शर्मा, अजीतपाल त्यागी, नंद किशोर गुर्जर, डॉ मंजू शिवाच, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, राज्यमंत्री नरेंद कश्यप, एमएलसी दिनेश गोयल, प्रदेश मंत्री प्रभारी अमित वाल्मीकि, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, कैप्टन विकास गुप्ता, निवर्तमान मेयर आशा शर्मा, पूर्व महापौर आशु वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी सहित अन्य पदाधिकारी व नेता मौजूद रहे। 

मंच संचालन पूर्व महापौर आशु वर्मा ने किया और अतिथियों सहित मुख्य्मंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजियाबाद आगमन पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

Share To:

Post A Comment: