लंदन : बृजेश श्रीवास्तव। बृहस्पतिवार 18 मई। वरिष्ठ पत्रकार, डीडी न्यूज़ के प्रख्यात एंकर और संपादक अशोक श्रीवास्तव को लंदन में सम्मानित किया गया है। ब्रिटेन की संसद के ऊपरी सदन हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स में हुए एक कार्यक्रम में अशोक श्रीवास्तव को भारत गौरव स्वदेशी सम्मान से सम्मानित किया गया। हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स में आयोजित एक कार्यक्रम में ब्रिटेन के सांसद राज लुम्बा ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अशोक श्रीवास्तव को मीडिया के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए ये सम्मान दिया गया। 

गौरतलब है कि अशोक श्रीवास्तव करीब तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं। अशोक श्रीवास्तव वर्तमान में डीडी न्यूज़ में वरिष्ठ संपादक के पद पर कार्यरत हैं और उनका डेली शो ‘दो टूक’ डीडी न्यूज़ का सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम है।

लंदन में कांफ्लुएंस संस्था द्वारा आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारत की केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी रहीं।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद और प्रतापगढ़ की राजकुमारी रत्ना सिंह के साथ चुनाव आयोग के पूर्व जॉइंट डायरेक्टर मोहम्मद आमीन को भी भारत गौरव स्वदेशी सम्मान से सम्मानित किया गया। ये सम्मान समारोह लंदन में तीन दिन के भारत महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम था। कांफ्लुएंस संस्था भारत की संस्कृति, कला और कलाकारों को दुनिया भर में मंच देने के लिए 5 वर्षों से लगातार अलग-अलग देशों में भारत महोत्सव का आयोजन कर रही है।

इस भारत महोत्सव में अलग अलग क्षेत्रों में काम करने वाली विशिष्ट विभूतियों को स्वदेशी भारत गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाता है।

Share To:

Post A Comment: