नई दिल्ली : पुनीत माथुर। लखनऊ के ' शाहीन बाग' हुसैनाबाद स्थित घंटाघर पर  सीएए का विरोध कर रही महिलाओं पर शनिवार को पहली बार पुलिस ने कार्रवाई की।

रेपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने घंटाघर को घेरकर प्रदर्शनकारियों का सपोर्ट कर रहे लोगों को हटाया व प्रदर्शन कर रही छात्रनेता पूजा शुक्ला समेत चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। 


घंटाघर पर सीएए व एनआरसी के विरोध में शनिवार को लगातार नौवें दिन महिलाओं का प्रदर्शन जारी था। इसी बीच एसीपी डीपी तिवारी के नेतृत्व में ठाकुरगंज सहित तीन थानों की पुलिस फोर्स ने दोपहर घंटाघर पहुंचकर वहां मौजूद पुरुषों को डंडे भांजकर भगा दिया।

पुलिस के जवानों ने सीएए विरोधी महिलाओं का सपोर्ट कर रही सामाजिक संस्थाओं के लोगों को जाने के लिए कहा। इस पर महिलाएं विरोध करने लगीं तो पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए गिरफ्तारियांं शुरू कर दीं।


प्रदर्शनकारी महिलाओं के भारी विरोध के बीच पुलिस चार महिलाओं को गिरफ्तार कर जीप में बैठाकर ठाकुरगंज थाने ले गई।

उधर रेपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने घंटाघर के प्रदर्शन स्थल को घेर लिया जिससे कोई प्रदर्शन के दौरान बाहर भाग ना सके।

साथ ही गणतंत्र दिवस के पहले सख्त रुख अपनाते हुए थाना ठाकुरगंज ने आसपास के मोहल्लों से घंटाघर को आने वाली सड़कों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी है।
Share To:

Post A Comment: