दिनेश जमदग्नि ब्यूरो चीफ:
ग़ाज़ियाबाद। स्वर्ण जयंतीपुरम कॉलोनी के नगर निगम को हस्तांतरित हुए लगभग 6 माह बीत चुके हैं। इसके साथ ही गाजियाबाद विकास प्राधिकरण इस कॉलोनी के विकास के दायित्व से मुक्त हो चुका है और अब क्षेत्र के सुनियोजित विकास तथा नागरिकों को आवश्यक जन-सुविधाएं उपलब्ध कराने की पूर्ण जिम्मेदारी गाजियाबाद नगर निगम की है।
परंतु खेद का विषय है कि हस्तांतरण के 6 माह उपरांत भी कॉलोनी की स्थिति में कोई सार्थक सुधार नहीं हुआ है। पूर्व की भांति विकास कार्य बरकरार रखने के स्थान पर अनेक आवश्यक कार्य लंबित पड़े हुए हैं, जिससे यहां के आम नागरिक अपने को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
देखें वीडियो: -
कॉलोनी में वर्तमान में निम्नलिखित गंभीर समस्याएं व्याप्त हैं :
1. सीवर ओवरफ्लो : जगह-जगह सीवर लाइन ओवरफ्लो हो रही है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
2. स्ट्रीट लाइट की अव्यवस्था : कॉलोनी के अनेक क्षेत्रों में प्रकाश का समुचित प्रबंध नहीं है। अंधेरे के कारण रात में आवागमन में कठिनाई के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी नागरिक चिंतित हैं।
3. पार्कों की दुर्दशा : पार्कों में हरियाली का अभाव है, रखरखाव न होने से पार्कों का विकास कार्य अपूर्ण पड़ा है।
4. सड़कों में गड्ढे : सड़कों में जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिनकी पैचिंग का कार्य अब तक नहीं कराया गया है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। 5. पेड़ों की प्रूनिंग न होना : पेड़ों की प्रूनिंग का कार्य अभी तक आरंभ नहीं किया गया है, जिससे बिजली के तारों और आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है।
इन लंबित कार्यों के कारण कॉलोनी के निवासियों में भारी निराशा है। नागरिकों का मानना है कि नगर निगम को हस्तांतरण के बाद उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, परंतु जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।
गाजियाबाद नगर निगम के अधिकारियों से स्थानीय जनता की मांग हैं कि स्वर्ण जयंतीपुरम कॉलोनी के विकास पर तत्काल ध्यान दिया जाए। सीवर, प्रकाश व्यवस्था, पार्कों के रखरखाव, सड़कों की पैचिंग एवं पेड़ों की प्रूनिंग जैसे सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए, ताकि यहां के नागरिक अपने अधिकारों के तहत मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं का उपभोग कर सकें।
नगर निगम प्रशासन से अपेक्षा है कि वह इस मामले में शीघ्र ठोस कार्रवाई करेगा और कॉलोनीवासियों को राहत प्रदान करेगा।






Post A Comment: