ग़ाज़ियाबाद। रविवार 20 सितंबर 2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट ग़ाज़ियाबाद की गरिमामय उपस्थिति में थाना नन्दग्राम क्षेत्र स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस द्वारा “महिला वालंटियर फोर्स (Mahila Volunteer Force–MVF)” पहल को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने की दिशा में “MVF सम्मेलन” का आयोजन किया गया। 

इस सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, अनुभवों एवं सुझावों को समझना तथा महिला सुरक्षा के लिए पुलिस एवं समाज के बीच सहभागिता को और मजबूत करना है। सम्मेलन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं यातायात, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध, समस्त जोनल पुलिस उपायुक्त, समस्त अपर पुलिस उपायुक्त एवं समस्त सहायक पुलिस आयुक्त द्वारा प्रतिभाग किया गया।

इस पहल के अंतर्गत समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं को MVF से जोड़ा जा रहा है। डॉक्टर, अधिवक्ता, शिक्षिकाएं, समाजसेवी, काउंसलर, उद्यमी, गृहिणियां तथा अन्य क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं इस नेटवर्क का हिस्सा बनकर अपने-अपने क्षेत्र में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित गतिविधियों में सहयोग करेंगी।

MVF सम्मेलन के प्रमुख उद्देश्य:-

महिलाओं को अपनी समस्याओं, अनुभवों एवं सुझावों को सीधे साझा करने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना।

महिला सुरक्षा से जुड़े स्थानीय मुद्दों की पहचान कर उन्हें पुलिस के संज्ञान में लाने की व्यवस्था को मजबूत करना।

महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा उपलब्ध पुलिस एवं सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना।

साइबर अपराध, ऑनलाइन उत्पीड़न, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति महिलाओं को जागरूक करना।

आवश्यकता के समय महिलाओं को संबंधित पुलिस इकाई, काउंसलिंग एवं अन्य सहायता तंत्र से जोड़ने में सहयोग करना।

विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देना।

समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना।

पुलिस एवं महिला वालंटियर्स के बीच नियमित संवाद एवं समन्वय स्थापित कर Police–Community Partnership को और प्रभावी बनाना। 

स्थानीय स्तर पर महिलाओं की आवाज बनेगा MVF नेटवर्क: 

कमिश्नरेट गाजियाबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से “MVF (महिला वालंटियर फोर्स)”  के लिए चिन्हित की गई महिला वालंटियर्स अपने-अपने क्षेत्र में महिलाओं से संवाद स्थापित करेंगी तथा स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली सुरक्षा संबंधी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी।

महिला सुरक्षा के साथ साइबर जागरूकता पर भी विशेष जोर:

वर्तमान डिजिटल परिवेश में महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना भी महिला सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दिशा में MVF के माध्यम से महिलाओं को साइबर ठगी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन उत्पीड़न, निजी जानकारी के दुरुपयोग एवं अन्य डिजिटल अपराधों के प्रति जागरूक करने के प्रयास किए जाएंगे।

कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस का उद्देश्य है कि महिलाओं की समस्याओं को केवल घटना के बाद पुलिस तक पहुंचाने के बजाय समुदाय के स्तर पर जागरूकता, संवाद एवं सहयोग के माध्यम से सुरक्षा का वातावरण पहले से मजबूत किया जाए।

MVF सम्मेलन इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से “सुरक्षित महिला–सशक्त समाज” की संकल्पना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।



Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: