ग़ाज़ियाबाद। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाजियाबाद  के कुशल मार्गदर्शन में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, संरक्षण एवं सुरक्षा हेतु संचालित महत्वाकांक्षी योजना “ऑपरेशन सवेरा” के अंतर्गत मंगलवार को आवासीय वृद्धाश्रम, दुहाई गाज़ियाबाद में एक विशेष सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रम “ब्रिजिंग जेनरेशन्स” (Bridging Generations) का आयोजन किया गया। 

उक्त कार्यक्रम ग्लोबल हैप्पीनेस फाउंडेशन (Global Happiness Foundation) एवं सिल्वर बेल्स स्कूल (Silver Bells School) के संयुक्त तत्वावधान में “प्रोजेक्ट कर्तव्य” के अंतर्गत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी एवं वरिष्ठ नागरिकों के मध्य पारस्परिक संवाद स्थापित कर पीढ़ीगत दूरी को कम करना तथा सामाजिक संबंधों को सुदृढ़ करना था। इस अवसर पर सिल्वर बेल्स स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीयतापूर्ण भेंट की गई, जिसके अंतर्गत बच्चों द्वारा बुजुर्गों के जीवन-अनुभवों को सुना गया। उनसे जीवन के अमूल्य सबक ग्रहण किए गए तथा उन्हें अपना समय एवं स्नेह प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह पहल “सेवा, सुरक्षा, समर्पण” के मूलमंत्र पर आधारित “ऑपरेशन सवेरा” योजना की मूल भावना के सर्वथा अनुरूप रही। जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को यह आश्वस्त कराना है कि पुलिस प्रशासन एवं समाज सदैव उनके साथ खड़ा है।

उक्त कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद की ओर से सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना के कुशल नेतृत्व में वरिष्ठ नागरिक सेल एवं थाना मधुबन बापूधाम के अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा सक्रिय प्रतिभाग किया गया तथा कार्यक्रम के सफल संचालन में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि “ऑपरेशन सवेरा” योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राज्य में अद्यतन 16.5 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक पंजीकृत हो चुके हैं, जिनकी क्षेम-कुशलता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित थानों की बीट पुलिस द्वारा प्रत्येक तीन माह में कम से कम एक बार उनके निवास स्थान पर जाकर हाल-चाल जाना जाता है। 

पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद द्वारा आमजन, विशेष रूप से 60 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के नागरिकों से अपील की जाती है कि वे “सवेरा” योजना के अंतर्गत अपना पंजीकरण अवश्य करायें। पंजीकरण हेतु आपातकालीन सेवा क्रमांक 112 पर संपर्क किया जा सकता है, अथवा SrCitizenReg पोर्टल/मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग किया जा सकता है, अथवा वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के हेल्पलाइन नंबर 96433 03628 पर संपर्क स्थापित किया जा सकता है।



Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: