नई दिल्ली: पुनीत माथुर ’परवाज़’ । आंध्र प्रदेश के चित्तूर और पलामानेर इलाके में हाइवे पर गाड़ियों के पीछे भागने वाले एक चर्चित हाथी को आखिरकार वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू  कर लिया है।

इस हाथी के गाड़ियों के पीछे भागने का कारण दरअसल यह था कि जून 2023 में बेंगलुरु-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-4) पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने हाथियों के झुंड को टक्कर मार दी थी।  उस हादसे में इस हाथी के झुंड के 3 हाथियों की मौत हो गई थी, उसके बाद से ही यह हाथी अकेला और गहरे सदमे में था।  वह अक्सर उसी एक्सीडेंट वाली जगह पर वापस आता था और वहां से गुजरने वाले वाहनों के पीछे दौड़ता था। 

अकेले रहने के कारण यह ठीक से खाना नहीं खाता था और सड़क पर फैला कचरा चबाने लगा था, जिससे इसकी तबीयत बिगड़ रही थी। इस हाथी से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को भी लगातार खतरा बना हुआ था।  ऐसे में हाथी की सुरक्षा और इलाज के लिए उसे पकड़ना बेहद जरूरी हो गया था। 

काफी मशक्कत के बाद वन विभाग ने इसे पकड़ लिया है और अब इसे डाक्टरों की निगरानी में सुरक्षित स्थान पर भेजा  गया है।

 वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इंसानों की तरह ही कई जानवर अपने परिजनों को खो कर बहुत दुःखी हो जाते हैं जैसा कि इस हाथी के साथ हुआ।


यदि यह न्यूज़ आपको पसंद आई हो तो प्लीज़ इसको शेयर करें 🙏🏻

Share To:

Post A Comment: