लोनी (ग़ाज़ियाबाद)। रविवार 14 जून। जनपद में अवैध कब्जों एवं अवैध निर्माणों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने ट्रॉनिका सिटी के सेक्टर सी-1 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपीसीडा की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित मजार को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।

यूपीसीडा की भूमि को कराया गया अतिक्रमण मुक्त: -

प्रशासन के अनुसार संबंधित मजार यूपीसीडा की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित की गई थी। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने मजार को जमींदोज कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद रही।

अवैध निर्माण किसी भी रूप में स्वीकार नहीं : ज्वाइंट मजिस्ट्रेट

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट / एसडीएम लोनी दीपक सिंघनवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में तथा जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के नेतृत्व में जनपदभर में अवैध कब्जों और अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान रहेगा जारी: -

डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने बताया कि संबंधित मजार अवैध रूप से निर्मित थी, जिसके संबंध में नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अवैध निर्माण कराने वालों के विरुद्ध भी आगामी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनपद में किसी भी प्रकार के भूमाफियाओं अथवा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग सदैव तत्पर है।



Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: