ग़ाज़ियाबाद। कनावनी क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ियों में आग लगने की घटना के उपरांत हुए नुकसान तथा प्रभावित परिवारों की सहायता, सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जनपद प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ एवं पुलिस उपायुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। प्रशासन की त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप सभी व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया एवं आग पर शीघ्र नियंत्रण स्थापित कर लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई तथा किसी भी व्यक्ति को चिकित्सीय उपचार की आवश्यकता नहीं पड़ी।
पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देशन में पुलिस एवं प्रशासनिक टीमें निरंतर प्रभावित व्यक्तियों की सहायता हेतु सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त, लगभग 1000 व्यक्तियों के लिए भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रभावित क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा नियमित गश्त जारी रहेगी। इसके साथ ही पुलिस बल के साथ-साथ एक प्लाटून पीएसी की भी तैनाती की गई है। नगर निगम द्वारा पेयजल आपूर्ति के लिए 07 टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं तथा शिविर स्थल पर मोबाइल शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं भी स्थापित की गई हैं।
उप जिलाधिकारी सदर अरूण दीक्षित द्वारा अवगत कराया गया कि संबंधित विभागों के समन्वय से प्रभावित परिवारों के लिए राहत एवं सुविधा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस क्रम में आर्य पब्लिक स्कूल, कनावनी को अस्थायी राहत शिविर के रूप में चिन्हित करते हुए वहां रहने, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उप जिलाधिकारी सदर द्वारा यह भी बताया गया कि घटना स्थल का सर्वे कराया जा रहा है, जिससे प्रभावित परिवारों का आकलन कर आपदा राहत धनराशि प्रदान की जा सके। दुर्घटना में हुए नुकसान हेतु प्रत्येक प्रभावित परिवार को 5,000 रुपये (घरेलू सामान हेतु) की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उप जिलाधिकारी सदर पीड़ित परिवारों की सहायता, सुविधा व सुरक्षा की दृष्टि से रात्रि में कैंप पर ही उपस्थित रहेंगे। उन्होने कहा कि जनपद प्रशासन प्रभावित परिवारों के सहयोग, सुरक्षा एवं सुविधा हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा आवश्यकतानुसार सभी संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।






Post A Comment: