ब्यूरो चीफ मनोज कुमार:
दिल्ली से मुरथल परांठे खाने गए 7 दोस्त सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए। उनमे से दो की जान चली गयी जबकि पांच का इलाज अस्पताल मे चल रहा है। हादसा सोनीपत शहर में नेशनल हाईवे पर डिवाइडर कार टकराने से हुआ है। मृतकों की पहचान बिलाल और उसके दोस्त विशाल के रूप में हुई है, जो दिल्ली के चांद बाग, भजनपुरा के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह सातों दोस्त मुरथल जाते समय काफी खुश थे। वह इस बात से अनजान थे कि यह यात्रा उनके जीवन मे एक जख्म बन जाएगी।
बिलाल के चाचा मोहम्मद अकरम ने बताया कि उसका भतीजा बिलाल अपने छह दोस्तों के साथ रात करीब 1 बजे दिल्ली से मुरथल परांठे खाने के लिए निकला था। सभी दोस्तों ने मुरथल में खाना खाया और वापस दिल्ली लौटने लगे।
मुरथल से लौटते समय जैसे ही उनकी कार सोनीपत के राई थाना क्षेत्र के पास पहुंची, अचानक गाड़ी बेकाबू हो गई थी और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार चला रहे बिलाल और उसके दोस्त विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पांच दोस्तों को हल्की चोटें आई हैं।
मृतक बिलाल (25) की एक साल पहले ही सगाई हुई थी और जल्द ही उसकी शादी होने वाली थी। हालांकि शादी की तारीख अभी तय नहीं हुई थी। बिलाल के पिता का वर्ष 2010 में हार्ट अटैक से निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां, भाई और बहन हैं, जिन पर अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दूसरे मृतक विशाल (24) के परिवार में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है। मुरथल में परांठे खाने और पार्टी करने के चक्कर में एनसीआर के कई युवा अपनी जान गंवा चुके हैं।




Post A Comment: