ग़ाज़ियाबाद : बृजेश श्रीवास्तव। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा शनिवार 17 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन्स स्थित सम्मेलन कक्ष  में मिशन शक्ति केन्द्र के प्रभारियों एवं समस्त थानों पर नियुक्त महिला निरीक्षक/उपनिरीक्षक  के साथ महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं जन-जागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाए जाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।

गोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध, पुलिस उपायुक्त ग्रामीण, पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिण्डन, सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध, सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी, सहायक पुलिस आयुक्त नन्दग्राम एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

गोष्ठी के  मुख्य बिंदु :

सभी महिला निरीक्षक/उपनिरीक्षक को निर्देशित किया गया कि लंबित मुकदमों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मिशन शक्ति केन्द्र पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

गोष्ठी में महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं, हेल्पलाइन सेवाओं तथा जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाएँ।

पुलिस आयुक्त ने यह भी कहा कि मिशन शक्ति केन्द्रों को स्थानीय प्रशासन एवं समाजसेवी संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों तक सेवाएँ पहुँच सकें।

गोष्ठी में महिला हेल्प डेस्क, साइबर सुरक्षा, घरेलू हिंसा निवारण तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष चर्चा हुई।

इस गोष्ठी के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप मिशन शक्ति केन्द्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया। पुलिस आयुक्त ने सभी प्रभारियों को सक्रियता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने हेतु निर्देश दिया।



Share To:

Post A Comment: