ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस पर मिलीभगत का सनसनीखेज दावा किया है। पीड़िता दीपा विश्वकर्मा ने मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि आरोपी मोहित चौधरी और उसके साथियों ने उसे प्यार के झांसे में फंसाकर बलात्कार किया, शादी का वादा कर धोखा दिया और मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी पक्ष से पैसे लेकर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया और लगातार तीन महीनों से वह थाने के चक्कर काट रही है।
देखें वीडियो: -
पीड़िता ने बताया कि आरोपी मोहित चौधरी (पुत्र हरेंद्र सिंह, निवासी खुर्जा, बुलंदशहर) ने 2022 में उसे नशीला पदार्थ देकर बलात्कार किया, शादी का वादा किया और लोकलाज के डर से उसके माता-पिता ने 5 जुलाई 2023 को हिंदू रीति-रिवाज से शादी करा दी। शादी में परिवार ने अपनी हैसियत से अधिक 10 लाख रुपये खर्च किए। बाद में पता चला कि मोहित पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी रीना सिरोही तथा दो बच्चे हैं। मोहित ने तलाक का झूठ बोला और पीड़िता को किराए के फ्लैट में रखा।
पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद वह गर्भवती हुई और 7 अप्रैल 2024 को एक बेटा (नाम देव) हुआ। लेकिन मोहित की पहली पत्नी रीना सिरोही के आने के बाद मारपीट शुरू हो गई। मोहित, रीना, उनके बच्चे और वंदना मलिक (जिसे मोहित अपनी बहन बताता था) ने मिलकर पीड़िता के साथ दुर्व्यवहार किया, गाली-गलौज की, मारपीट की और अवैध हथियार (देशी कट्टा) दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। वंदना मलिक ने पीड़िता की सोने की चेन और टॉप्स भी छीन लिए।
आरोपी ने शादी के बाद गाड़ी खरीदने के नाम पर 5 लाख रुपये भी हड़प लिए। पीड़िता का कहना है कि मोहित कई लड़कियों को इसी तरह फंसाता है और सेक्स दवाओं का इस्तेमाल कर उनका शोषण करता है। जब पीड़िता ने विरोध किया तो उसे घर से निकाल दिया गया। उसने बिसरख थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और उल्टे उसे मोहित के साथ रहने की सलाह दी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी पक्ष से मिली हुई है, फैसला करने का दबाव बना रही है और आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं। उसका पूरा परिवार डरा हुआ है और वह अपने नाबालिग बच्चे के भविष्य के लिए न्याय मांग रही है।
वहीं, बिसरख पुलिस का कहना है कि महिला के आरोप निराधार हैं। दूसरे पक्ष ने इलाहाबाद हाईकोर्ट से स्टे ऑर्डर ले रखा है। पुलिस जांच कर रही है और जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
यह मामला बलात्कार, धोखाधड़ी, मारपीट, दहेज और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर अपराधों से जुड़ा है। पीड़िता ने उच्च अधिकारियों से कठोर कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच जारी है।




Post A Comment: