ग़ाज़ियाबाद : दिनेश जमदग्नि। सोमवार 28 अप्रैल। दूधेश्वर नाथ कॉरिडोर को बनाने के लिए विभागों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिसके क्रम में दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर के अंदर तथा बाहर पैमाइश का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिसमें दुकानों का सर्वे भी जारी है।
इसी क्रम में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा संपत्ति विभाग तथा निर्माण विभाग टीम के साथ बैठक की गई। बैठक में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी व अन्य टीम उपस्थित रही। उपस्थित टीम के द्वारा नगर आयुक्त को चल रहे सर्वे की संपूर्ण जानकारी दी गई। दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर की कॉरिडोर का नक्शा दिखाते हुए चल रहे सर्वे के बारे में बताया गया।
नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि गाजियाबाद नगर निगम पर्यटन विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर को भव्यता प्रदान करेगा। जिसमें पर्यटन विभाग द्वारा गेट बनाने का कार्य कराया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर गाजियाबाद नगर निगम द्वारा दुकानों के सर्वे का कार्य कराया जा रहा है। संपत्ति विभाग अधिकारियों को जल्द से जल्द दुकानों का सर्वे पूर्ण करने के लिए कहा गया है। दुकानों को हिंडन बिहार तथा अन्य क्षेत्रों में शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है। जिसके क्रम में अपर नगर आयुक्त वरिष्ठ प्रभारी संपत्ति अरुण कुमार यादव को मॉनिटरिंग बढ़ाते हुए 10 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अपर नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि दुकानों के सर्वे का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। 50 से अधिक दुकानों का सर्वे हो चुका है। शेष दुकानों का सर्वे भी जारी है। दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर पुजारी के साथ-साथ श्रद्धालुओं तथा आसपास क्षेत्र वासियों का सहयोग भी लिया जा रहा है।
व्यापारी वर्ग भी गाजियाबाद नगर निगम का सहयोग कर रहा है। अधिकारियों के सर्वे के क्रम में सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित करते हुए दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर को भव्यता प्रदान करने की योजना बना रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक कॉरिडोर बनाया जा सके, इसकी तैयारी चल रही है। ब्यूटीफिकेशन का भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पैमाइश तथा नक्शे का कार्य किया जा रहा है, प्रशासन की ओर से भी कार्यों को रफ्तार देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सभी विभागों की बैठक आज दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर पर रखी गई है।
Post A Comment: