ग़ाज़ियाबाद : बृजेश श्रीवास्तव। शनिवार 24 जून। इंदिरापुरम स्थित एचआईजी अभयखंड एक का बुरा हाल है। यहाँ के हालात बद से बदतर हो चुके हैं। एचआईजी के मुख्यद्वार से जाता हुआ एक भयंकर नाला है जो हर समय ओवर फ्लो रहता है। आए दिन इस गहरे नाले में गायें गिरती रहती हैं, जिससे उनकी जान को खतरा बना रहता है। आज भी 24 जून 2023 को एक गाय प्रातः 6 बजे के करीब इस नाले में गिर गई। 

एचआईजी में रात्रि की सिक्योरिटी ड्यूटी पर तैनात गार्ड जितेंद्र कुमार ने बड़ी तत्परता से लोगों को सूचना दी और बांस बल्ली का इंतजाम किया। भगवान सिंह, अशोक कुमार त्यागी, कामता प्रसाद और नौट्याल तुरंत मौके पर पहुंचे। शीघ्र ही कुछ युवक वहां इकट्ठे हो गए और तत्काल रैस्क्यू ऑपरेशन शुरु हुआ। अभयखंड फैडरेशन के महासचिव आरपी जोशी ने तुरंत मौके पर पहुँच कर रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग दिया। कठिन परिश्रम के बाद गाय को नाले से बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया। 

देखें वीडियो: -

मनवर सिंह रावत ने बताया कि ये नाला बहुत खतरनाक है, यहाँ कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। इस नाले को कवर करवाना चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं को होने से रोका जा सके। यहाँ की समस्या पर प्रशासन चुप्पी साधे हुए है, जबकि यहां के लोगों का जीवन दिन प्रतिदिन कष्टमय होता जा रहा है। वर्षा ऋतु दस्तक दे चुकी है। अब यहां की स्थिति ज्यादा भयावह होने वाली है। बरसात के समय में तो सड़क पर पानी भरेगा, तब बुजुर्गों का कालोनी से बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं होगा। नाले का गंदा पानी घरों के दरवाजों पर भी दस्तक देगा।  

एचआईजी के गेट के बाहर बीच सड़क पर रोजाना टनों कूड़ा डाला है जिसमें सड़े हुए फल, सब्जी, फलों का ज्यूस निकाला हुआ पल्प, गन्ने का जूस निकाला हुआ छिलका बहुतायत में रहता है।

एचआईजी निवासी भगवान सिंह ने कहा कि हम लोगों को जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर इतना लाचार बना दिया गया है, जिसका वर्णन शब्दों के परे है। विधायक जी, पार्षद जी, अभयखण्ड फैडरेशन के अध्यक्ष, महासचिव तथा अन्य सभी पदाधिकारी से निवेदन है कि आप सभी हमारी समस्या का शीघ्र समाधान कराएं।

पार्षद हरीश कडाकोटी ने कहा कि यहां कूड़ा डालना बंद होना चाहिए। साथ ही यहाँ अवैध पार्किंग की गम्भीर समस्या है। कुछ लोग तो बीच रोड पे गाड़ी पार्क कर जाते हैं और सिक्योरिटी गार्ड के मना करने पर उसे प्रताड़ित करते हैं। एक गाड़ी यहां पर महीनों से बीच रोड पर रात को पार्क कर दी जाती है जिससे यहां एक्सीडेंट का खतरा बना रहता है। 

पार्षद हरीश कडाकोटी ने बताया कि हम लोगों ने जीडीए के चीफ इंजीनियर मानवेंद्र सिंह से लेकर नगर आयुक्त नितिन गौड़ तक सब को मिलकर पत्र लिखकर दिया है। पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अगर समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं किया गया तो यहां पर ऐसी घटनाएं और दुर्घटनाएं आए दिन होती रहेंगी।

Share To:

Post A Comment: