नई दिल्ली : पुनीत माथुर। रविवार सुबह तड़के लखनऊ में  अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रणजीत बच्चन की मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात हजरतगंज में हुई है। रणजीत गोरखपुर के रहने वाले थे। वह लखनऊ में ओसीआर बिल्डिंग के बी ब्लॉक में रहते थे।

रणजीत सुबह अपने आवास से भाई आदित्य के साथ मार्निंग वॉक करने निकले थे। तभी अपराधियों ने उनके सिर में गोली मारी। इस दौरान उनके भाई के भी हाथ में गोली लगी है। उनका एक साथी भी घायल हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय समेत तमाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। हजरतगंज पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय ने बताया कि बच्चन को ग्लोब पार्क के पास गोली मारी गई। उनके साथ मार्निंग वॉक कर रहे आदित्य के हाथ में भी गोली लगी है। उनका ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा है कि जल्द ही कातिल गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

बता दें कि इससे पहले अक्टूबर में हिन्दू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी की दो शातिर अपराधियों ने हत्या कर दी थी। दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी गुजरात से एटीएस ने की थी।
Share To:

Post A Comment: