ग़ाज़ियाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा दिनांक 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन्स गाजियाबाद में श्रद्धा, गरिमा एवं प्रेरणादायक वातावरण में जयंती समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
पुलिस आयुक्त ग़ाज़ियाबाद द्वारा अपने संबोधन में महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी एवं सत्यनिष्ठा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनके आदर्शों को अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में आत्मसात कर समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त द्वारा पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण की शपथ दिलाई गई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सहायता तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जनसेवा को पुलिस कार्यप्रणाली का मूल आधार मानते हुए प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ग़ाज़ियाबाद ने कहा कि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में अनुशासन, निष्पक्षता, पारदर्शिता, जनविश्वास एवं कर्तव्यपरायणता का विशेष महत्व है। प्रत्येक पुलिसकर्मी का दायित्व है कि वह अपने पद एवं वर्दी की गरिमा को बनाए रखते हुए पूर्ण ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने आचरण में उतारते हुए जनहित एवं जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करें।
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता, अनुशासन, सेवा भावना एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया गया। उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों एवं सिद्धांतों को अपने कार्य एवं व्यवहार में अपनाने तथा पुलिस सेवा के माध्यम से आमजन के विश्वास को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कम्बल भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ पुलिस कर्तव्यों का निर्वहन करने के संकल्प के साथ हुआ।








Post A Comment: