ग़ाज़ियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई में नागरिकों द्वारा भूमि विवाद, राजस्व, अवैध कब्जे, पेंशन, राशन, आवास, विद्युत, पेयजल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गईं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
जिलाधिकारी ग़ाज़ियाबाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन शिकायतों में स्थलीय जांच की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई के दौरान अर्थला निवासी एक व्यक्ति जिसकी किडनी खराब हो गयी हैं, ने जिलाधिकारी से सहायता की गुहार लगाई। उन्होंने मामले की गम्भीरता को देखते हुए प्रार्थी का अन्तोदय कार्ड बनवाते हुए आष्युमान कार्ड बनाने हेतु निर्देशित किया। साथ ही उन्हें आवास दिलाने का भी आवश्वासन दिया। साथ ही कहा कि कुछ और समस्या हो तो अवगत करायें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और जनसमस्याओं का संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
जनसुनवाई के दौरान एडीएम ई, एडीएम सिटी, एडीएम जे सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।






Post A Comment: