ग़ाज़ियाबाद। मंगलवार 29 सितंबर। जिलाधिकारी गाजियाबाद रविन्द्र कुमार माँदड़ की संवेदनशील एवं जनहितपरक कार्यशैली का एक और उदाहरण जनता दर्शन के दौरान देखने को मिला। ग्राम दोसा बंजारपुर निवासी दिव्यांगजन मुकेश कुमार अपने बड़े भाई के साथ दिव्यांग पेंशन संबंधी समस्या लेकर जनता दर्शन में जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचे थे। चलने-फिरने में कठिनाई के कारण उन्हें व्हीलचेयर की भी आवश्यकता थी।

जिलाधिकारी ने मुकेश कुमार की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उनकी दिव्यांग पेंशन संबंधी शिकायत का तत्काल निस्तारण कराया। साथ ही उनकी शारीरिक स्थिति एवं आवश्यकता को देखते हुए मौके पर ही व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, गाजियाबाद द्वारा तत्काल व्हीलचेयर की व्यवस्था कराई गई, जिसे जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ द्वारा मुकेश कुमार को मौके पर ही प्रदान किया गया। तत्काल मिली सहायता पर मुकेश कुमार एवं उनके बड़े भाई ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, गाजियाबाद अंशुल चौहान भी उपस्थित रहे। उन्होंने मुकेश कुमार को दिव्यांगजनों के कल्याण एवं सशक्तीकरण हेतु संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं उनसे मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी दी।

जिलाधिकारी द्वारा जनता दर्शन में आने वाले जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से उनके त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विशेष रूप से ऐसे जरूरतमंद दिव्यांगजन, जो आर्थिक अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण आवश्यक सहायक उपकरण स्वयं प्राप्त करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें पात्रता एवं आवश्यकता के अनुरूप विभागीय योजनाओं से जोड़कर सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुकेश कुमार की पेंशन संबंधी समस्या का तत्काल समाधान तथा मौके पर व्हीलचेयर उपलब्ध कराया जाना जिला प्रशासन की संवेदनशील एवं त्वरित कार्यशैली का एक उदाहरण है।



Share To:

Post A Comment: