ग़ाज़ियाबाद। ​कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना मसूरी पुलिस ने संवेदनशीलता, तत्परता और उत्कृष्ट कार्यशैली की एक अनूठी मिसाल पेश की है। पुलिस ने अपनी ड्यूटी के दौरान एक तरफ जहां गश्त के दौरान मिले लावारिस बच्चे को कुछ ही घंटों में उसके परिजनों तक पहुँचाया, वहीं दूसरी तरफ 5 दिनों से लापता 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को भी सकुशल उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस मानवीय और संवेदनशील पहलों से दोनों परिवारों में खुशियों का माहौल लौट आया है।

प्रकरण 1: -

​बृहस्पतिवार 24 सितंबर 2026 को थाना मसूरी पुलिस की टीम क्षेत्र में रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक लावारिस बच्चा मिला । पुलिसकर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत बच्चे को अपने संरक्षण में लिया और उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए। बच्चे की पहचान सुनिश्चित होने के बाद मसूरी पुलिस ने बिना देर किए एक टीम गठित की । पुलिसकर्मी बच्चे को लेकर उसके पैतृक गांव रूपवास (थाना दादरी, जिला गौतमबुद्धनगर) पहुँचे और पूरी जिम्मेदारी के साथ उसे उसके चाचा को सकुशल सुपुर्द किया। अपने जिगर के टुकड़े को सकुशल पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने मसूरी पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।

प्रकरण (2) : - 

​दिनांक 19 सितंबर 2026 की शाम को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि मसूरी अड्डे के पास एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला, जो अपना नाम फूलवती बता रही थीं, अपना पता नहीं बता पा रही हैं।

​थाना मसूरी पुलिस ने महिला को थाने की महिला हेल्प डेस्क पर बैठाकर तसल्ली दी और रात सुरक्षित बीतने के लिए उन्हें वृद्धाश्रम मसूरी में आश्रय दिलाया। साथ ही सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से उनके परिजनों की तलाश जारी रखी । दिनांक 24 सितंबर 2026 को महिला की सही पहचान ग्राम पूठा, रिठानी रोड, थाना टीपी नगर, जनपद मेरठ के रूप में हुई। सूचना पाकर उनके पौत्र, पुत्री और दामाद थाने पहुँचे। पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए वृद्ध महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया। अपने बीच पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उनके चेहरों पर खुशी की मुस्कान लौट आई। परिजनों ने मसूरी पुलिस का इस सराहनीय पहल, कर्तव्यनिष्ठा के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

सुरेन्द्र नाथ तिवारी, पुलिस उपायुक्त ग्रामीण के निर्देशन में थाना मसूरी पुलिस द्वारा दिखाई गई यह तत्परता और संवेदनशीलता स्पष्ट करती है कि खाकी का मानवीय चेहरा समाज में पुलिस और जनता के बीच के भरोसे को और अधिक मजबूत करता है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से शांत एवं सामान्य है। पुलिस जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।



Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: