ग़ाज़ियाबाद। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा शनिवार 26 सितंबर को विशेष सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया गया।

इस अभियान के अंतर्गत कमिश्नरेट गाजियाबाद के सभी 24 थानों की मिशन शक्ति टीम एवं एण्टी रोमियो टीम द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित पार्कों का मौके पर जाकर सुरक्षा ऑडिट किया गया। अभियान का उद्देश्य पार्कों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े संभावित जोखिमों की पहचान कर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।

ऑडिट के दौरान मुख्य रूप से निम्न बिंदुओं की जांच की गई—

CCTV कैमरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता – पार्कों में CCTV कैमरे लगे हैं अथवा नहीं तथा लगे हुए कैमरे कार्यशील स्थिति में हैं या नहीं।

प्रवेश एवं निकास व्यवस्था – पार्कों में पर्याप्त एवं सुरक्षित Entry/Exit Gates उपलब्ध हैं अथवा नहीं तथा गेट पर सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था है या नहीं।

Dark Spots की पहचान – पार्क में ऐसे स्थान तो नहीं हैं जहां पर्याप्त प्रकाश न होने के कारण सुरक्षा संबंधी जोखिम उत्पन्न हो सकता है।

प्रकाश व्यवस्था – पार्क के अंदर एवं प्रवेश/निकास मार्गों पर पर्याप्त एवं कार्यशील Lighting की व्यवस्था है या नहीं।

मोबाइल कनेक्टिविटी – ऐसे पार्कों की पहचान की गई जहाँ मोबाइल नेटवर्क/कनेक्टिविटी कमजोर अथवा उपलब्ध नहीं है।

सुरक्षा कर्मियों की उपलब्धता – पार्कों में आवश्यकतानुसार पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड उपलब्ध हैं अथवा नहीं।

अन्य सुरक्षा संबंधी कमियां – पार्क की समग्र सुरक्षा व्यवस्था का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कमियों को चिन्हित किया गया।

ऑडिट में सामने आई प्रमुख कमियां-

अभियान के दौरान किए गए सुरक्षा ऑडिट में कुल 34 पार्कों में CCTV कैमरे कार्यशील नहीं पाए गए। इसके अतिरिक्त 10 पार्कों में निर्माण/जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है, जिसके कारण वहां फिलहाल उचित Entry/Exit Gates उपलब्ध नहीं हैं।

कुछ पार्कों में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड उपलब्ध न होने की स्थिति भी सामने आई। अन्य स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कमियों को भी चिह्नित किया गया।

चिह्नित कमियों के संबंध में संबंधित विभागों/स्थानीय निकायों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं सुधार के लिए सूचित किया गया है।

नियमित पेट्रोलिंग से होगी निगरानी-

महिला सुरक्षा ऑडिट को केवल एक दिवसीय अभियान तक सीमित न रखते हुए, मिशन शक्ति टीमों एवं एण्टी रोमियो टीमों द्वारा इन पार्कों में नियमित भ्रमण एवं पेट्रोलिंग की जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखना तथा पार्कों में आने वाली महिलाओं को सुरक्षित एवं विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।

इसके साथ ही कमिश्नरेट गाजियाबाद में संचालित यूपी 112 वाहनों के रूट चार्ट की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान यह सुनिश्चित किया गया  कि सार्वजनिक पार्कों, बाजारों एवं अन्य चिह्नित संवेदनशील स्थानों को यूपी 112 वाहनों के नियमित गश्ती मार्ग में उचित रूप से शामिल किया गया है ताकि इन स्थानों पर प्रभावी एवं नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित हो सके। आवश्यकता के अनुसार रूट चार्ट में संशोधन एवं अतिरिक्त गश्त की व्यवस्था भी की गई है।

पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सार्वजनिक स्थानों की निरंतर निगरानी, सुरक्षा कमियों की पहचान एवं उनके निराकरण हेतु प्रतिबद्ध है।

कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा के प्रति जीरो टॉलरेंस एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा एवं निगरानी की जा रही है। एण्टी रोमियो स्क्वाड, मिशन शक्ति केन्द्रों एवं यूपी 112 वाहनों के माध्यम से प्रभावी पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित, भयमुक्त एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, संबंधित विभागों के समन्वय से सुरक्षा संबंधी कमियों को चिन्हित कर उनका शीघ्र निराकरण कराया जा रहा है।



Share To:

Post A Comment: