ग़ाज़ियाबाद। मातृशक्ति के सम्मान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उ0प्र0 सरकार द्वारा लखनऊ में रक्षाबन्धन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उ0प्र0 परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा प्रदान किये जाने की योजना का शुभारम्भ किया गया।  इस योजना को ‘‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’’ के नाम से प्रारम्भ किया गया। लखनऊ में किये गये उक्त आयोजन को प्रदेश के 75 जनपदों में वीडियो कॉन्फ्रेन्स के माध्यम से सीधे प्रसारित किया गया।

रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा माताओं, बहनों एवं बेटियों को भी निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। यह सुविधा 27 अगस्त 2026 को प्रातः 6:00 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इससे पर्व के दौरान महिलाएं अपने मायके एवं अन्य गंतव्यों तक बिना किसी अतिरिक्त यात्रा व्यय के सुविधापूर्वक आवागमन कर सकेंगी।

जनपद गाजियाबाद में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लाईव देखने हेतु हिन्दी भवन, लोहिया नगर गाजियाबाद में व्यवस्था सुनिश्चित की गयी। समारोह में मुख्य अतिथि नरेन्द्र कश्यप, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्ति विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, जनपद गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष (भा0ज0पा0) चैन पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबन्धक, उ0प्र0 परिवहन निगम, गाजियाबाद क्षेत्र केसरी नन्दन चैाधरी, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, गाजियाबाद की गरिमामयी उपस्थिति के साथ-साथ उ0प्र0 परिवहन निगम, गाजियाबाद क्षेत्र के सुदर्शन देव शर्मा, स0क्षे0प्र0 (वित्त), एस0डी0 शर्मा, सहायक विधि अधिकारी, राजेश कुमार स0क्षे0प्र0, लोनी डिपो, अंशु भटनागर, स0क्षे0प्र0, कौशाम्बी डिपो, ललिता सिंह, स0क्षे0प्र0, आनन्द विहार, दिल्ली एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

मुख्य विकास अधिकारी, गाजियाबाद द्वारा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का पुष्पगुच्छ, पौधा भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मानित किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट गाजियाबाद द्वारा जिलाध्यक्ष (भा0ज0पा0) का स्वागत एवं सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सम्बोधन को सजीव प्रसारण को देखने के लिए गाजियाबाद जनपद एवं आस-पास के गाँवों से प्रेक्षागृह में लगभग 500 महिलाऐं उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री के सम्बोधन के उपरान्त राज्यमंत्री द्वारा 11 महिलाओं सुशीला, मंजू शर्मा, मोनिका, विमलपाल, पिंकी रानी, नेहा, प्रियंका रस्तोगी, पूजा गौतम, पूनम त्यागी, नीतू सिंह व सरिता को मंच पर उपहार स्वरूप एक साड़ी एवं एक मिष्ठान का डिब्बा भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रेक्षागृह में उपस्थित समस्त महिलाओं को भी उपहार स्वरूप साड़ी व मिष्ठान के डिब्बे से सम्मानित किया गया। 

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने समारोह में उपस्थित नारी शक्ति को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण हेतु संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार देश एवं प्रदेश की महिलाओं को पुरुषों के समकक्ष अवसर प्रदान करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक महिला सम्मानपूर्वक जीवनयापन करे, आत्मनिर्भर बने, सशक्त बने तथा समाज में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सके।

राज्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 लाया गया, जिसके माध्यम से महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त होता किन्तु विपक्ष ने इस प्रस्ताव को पास नहीं होने दिया। हमें विश्वास है कि आपके आशीर्वाद से इस अधिनियम को दोबारा लाया जायेगा और पास कराया जायेगा। जिससे भविष्य में महिलाओं की राजनीतिक सहभागिता और अधिक सुदृढ़ होगी तथा देश एवं प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका और व्यापक बनेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस संकल्प का उल्लेख किया, जिसमें प्रदेश की प्रत्येक महिला को परिवार के सदस्य के समान सम्मान एवं सुरक्षा प्रदान करने की भावना व्यक्त की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की समस्याओं के समाधान तथा उनके कल्याण के लिए सदैव तत्पर है।

राज्य मंत्री ने कहा कि बढ़ती आयु के साथ अनेक महिलाओं को आर्थिक कारणों से यात्रा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान हेतु राज्य सरकार द्वारा 60 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे उन्हें आवागमन में सुविधा एवं आर्थिक राहत प्राप्त होगी।

अंत में उन्होंने समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारियों, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जनपद गाजियाबाद की जनता तथा उपस्थित नारी शक्ति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को रक्षा बंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

मंच संचालन आलोक दास परिवहन विभाग द्वारा किया गया।





Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: