ग़ाज़ियाबाद : बृजेश श्रीवास्तव। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एस.बी.एन. पब्लिक स्कूल, रावली कलां, मुरादनगर, गाजियाबाद में बुधवार को एक प्रेरणादायक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे स्कूल परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें स्कूल के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और विशेष अतिथियों ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की चेयरपर्सन पुष्पा रावत ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “वृक्षारोपण केवल पेड़ लगाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का आधार तैयार करना है। आज का यह प्रयास हमारी धरती को हरा-भरा बनाने और जलवायु परिवर्तन से लड़ने की दिशा में एक छोटा लेकिन सार्थक कदम है। हम सभी को मिलकर पर्यावरण की रक्षा करनी होगी ताकि हमारा भविष्य सुरक्षित रहे।”
स्कूल के संस्थापक राजेंद्र रावत ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “एस.बी.एन. पब्लिक स्कूल की स्थापना से ही हम शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण जागरूकता को प्राथमिकता देते आए हैं। आज के इस कार्यक्रम से हमारे बच्चे न केवल पेड़ लगाएंगे, बल्कि पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी समझेंगे। यह कार्य हमारी संस्था की मूल भावना ‘शिक्षा और सेवा’ को मजबूत करता है।”
विशेष अतिथि के रूप में जिला प्रमुख अधिकारी (पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन आयोग), गाजियाबाद रजनीश कुमार गर्ग उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी चुनौती है। स्कूलों में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन सराहनीय है क्योंकि बच्चे ही भविष्य के संरक्षक हैं। वृक्षारोपण से कार्बन उत्सर्जन कम होता है, जैव विविधता बढ़ती है और वायु गुणवत्ता सुधरती है। मैं एस.बी.एन. पब्लिक स्कूल के इस प्रयास की प्रशंसा करता हूँ और आशा करता हूँ कि यह अभियान अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणा बनेगा।”
कार्यक्रम में छात्रों ने पर्यावरण के महत्व को एक नाटक के माध्यम से सभी को समझाया। नाटक में बच्चे विभिन्न भूमिकाओं में प्रकृति के साथ मनुष्य के संबंध, प्रदूषण के दुष्प्रभाव और वृक्षों की उपयोगिता को प्रभावी ढंग से दर्शाया। यह प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली थी कि सभी दर्शक भावुक हो उठे और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
इस अवसर पर स्कूल की खो-खो टीम की उन छात्राओं को विशेष सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी प्रतिभा से शानदार प्रदर्शन किया था। विशेष अतिथि रजनीश कुमार गर्ग ने इन छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया और कहा कि खेल-कूद और पर्यावरण जागरूकता दोनों ही समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं।
स्कूल के डायरेक्टर तरुण रावत ने कार्यक्रम के समापन पर कहा, “आज का यह वृक्षारोपण कार्यक्रम हमारे स्कूल की परंपरा का हिस्सा है। हम हर साल ऐसे आयोजन करते हैं ताकि बच्चे प्रकृति से जुड़ें और जिम्मेदार नागरिक बनें। सभी शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों का सहयोग इस सफलता का आधार रहा है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक बच्चा पर्यावरण का संरक्षक बने।”
कार्यक्रम में स्कूल के सभी शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और अभिभावक इस पवित्र कार्य में सहभागी बने। पेड़ लगाने के साथ-साथ बच्चों को पौधों की देखभाल की जानकारी भी दी गई।




Post A Comment: