ग़ाज़ियाबाद : बृजेश श्रीवास्तव। सोमवार 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण परिसर में उपाध्यक्ष जीडीए नंद किशोर कलाल द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में प्राधिकरण के समस्त अधिकारीगण, कर्मचारी एवं श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान गाया गया तथा संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष जीडीए ने अपने संबोधन में कहा कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का मूल उद्देश्य केवल भवन, सड़कों अथवा योजनाओं का विकास करना नहीं है। बल्कि आम नागरिक के जीवन को सरल, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज में यह धारणा व्याप्त है कि विकास प्राधिकरण केवल संपन्न वर्ग के हित में कार्य करता है। जबकि इस सोच को बदलना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह बदलाव केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि प्राधिकरण के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के कार्य व्यवहार से परिलक्षित होना चाहिए।
उपाध्यक्ष जीडीए ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि गरीब, कमजोर, निम्न आय एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को आवास, आधारभूत सुविधाएं एवं विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ मिले। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को अपनी प्रत्येक योजना और निर्णय में जनहित को केंद्र में रखकर कार्य करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ करें तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। इससे न केवल जनता का विश्वास प्राधिकरण पर मजबूत होगा, बल्कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण एक जन-विश्वास आधारित संस्था के रूप में स्थापित होगा।
कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष जीडीए द्वारा सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं तथा राष्ट्र निर्माण में अपने-अपने दायित्वों को निष्ठापूर्वक निभाने का संकल्प लिया गया।






Post A Comment: