कानपुर। शुक्रवार 12 जून को पेंशनर्स समाज पनकी की कार्यकारिणी बैठक त्रिपाठी गेस्ट हाउस, बी-ब्लॉक, पनकी में आयोजित की गई, जिसमें पेंशनर्स से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा पनकी पावर हाउस से निकलने वाली राख के कारण क्षेत्र में उत्पन्न हो रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं रहीं।

समिति के अध्यक्ष साहबदीन यादव ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए पावर हाउस के महाप्रबंधक सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। पेंशनर्स ने पावर हाउस प्रबंधन के उदासीन रवैये पर नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो उन्हें व्यापक आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

बैठक में रक्षा मंत्रालय के पेंशनर्स के लंबित ओवरटाइम एरियर, 18 माह के बकाया महंगाई भत्ते (डीए) के भुगतान, रेलवे की रियायती टिकट सुविधा और सीजीएचएस से जुड़ी समस्याओं पर भी विशेष चर्चा की गई।

बैठक में 30 से अधिक कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पी.एन. लाल, वी.के. माथुर, बी.आर. प्रसाद, वी.के. तिवारी, राजबली यादव, सी.वी. साहू, हरिशंकर सिंह, रमाशंकर राम, करुणेश श्रीवास्तव, दयाशंकर सिंह, श्यामजी यादव और आलोक श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



Share To:

Post A Comment: