ग़ाज़ियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा आमजन की सुविधा एवं लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से नामांतरण एवं रजिस्ट्री संबंधी 6 दिवसीय विशेष कैंप का आयोजन दिनांक 13 अप्रैल 2026 से 18 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। यह कैंप गाजियाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय (GDA Office) में प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक आयोजित होगा।

इस विशेष कैंप के माध्यम से आवंटियों एवं संपत्ति धारकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे उन्हें कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कैंप के दौरान प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर नामांतरण, रजिस्ट्री एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच करते हुए प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।

इसके अतिरिक्त, आवेदकों को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उनके कार्य सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो सकें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को त्वरित एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना तथा लंबित मामलों का मौके पर ही समाधान करना है।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष द्वारा निर्देशित किया गया है कि इस कैंप के माध्यम से अधिकतम लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए तथा सभी संबंधित अधिकारी इस आयोजन को सफल बनाने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

प्राधिकरण द्वारा सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे दिनांक 13 अप्रैल 2026 से 18 अप्रैल 2026 के मध्य, प्रातः 10:00 बजे से 3:00 बजे तक, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित इस विशेष कैंप का अधिकतम लाभ उठाएं तथा अपने नामांतरण एवं रजिस्ट्री से संबंधित प्रकरणों का समय से निस्तारण कराएं।



Share To:

Post A Comment: