राजस्थान : संपादक बृजेश श्रीवास्तव। महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारत सरकार द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से किया गया।
एचपीवी वैक्सीन का उद्देश्य महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम करना है। यह वैक्सीन किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करती है, जो सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। इस पहल से देश में महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार तथा कैंसर से होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित आयु वर्ग की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं तथा जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को वैक्सीन के लाभों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जनपद गाज़ियाबाद में भी एचपीवी वैक्सीन के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारियों, चिकित्सा इकाई प्रभारियों, चिकित्सकों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम का सामूहिक रूप से अवलोकन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व, लक्षित आयु वर्ग, कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनजागरूकता बढ़ाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही जनपद में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित करने हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी ग़ाज़ियाबाद डॉ अखिलेश मोहन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे अपनी पात्र बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण हेतु प्रेरित करें एवं इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।




Post A Comment: