ग़ाज़ियाबाद। नरेंद्र कश्यप राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के कर-कमलों द्वारा बृहस्पतिवार को शास्त्री नगर, गाजियाबाद स्थित विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन में आयोजित विशेष रोजगार मेले के दौरान चयनित दिव्यांगजनों को नियुक्ति एवं प्रशस्ति प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित हुए तथा रोजगार के अवसरों का लाभ प्राप्त किया।
इस रोजगार मेले में स्पार्क मिंडा कंपनी द्वारा सहभागिता की गई। यह कंपनी ऑटोमोबाइल पार्ट्स निर्माण के क्षेत्र में कार्यरत है तथा इसके नोएडा स्थित संयंत्रों में चयनित दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
रोजगार मेले में कुल 61 दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 13 दिव्यांगजनों का रोजगार हेतु चयन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्री नरेंद्र कश्यप द्वारा 8 चयनित दिव्यांगजनों को नियुक्ति एवं प्रशस्ति प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले दिव्यांगजन इस प्रकार हैं —
सूरज कुमार
हरेंद्र कुमार
दीपक कुमार
अभिषेक बच्चन
अशुतोष कुमार सिंह
राहुल पाल
अनिल कुमार
अमित कुमार तिवारी
कार्यक्रम के अंत में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अपने उद्बोधन में दिव्यांगजनों को प्रेरित करते हुए कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने दिव्यांगजनों को आरक्षण, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी।
मंत्री जी ने दिव्यांगजनों को अवगत कराया कि दिव्यांग पेंशन को शीघ्र ही ₹1000 से बढ़ाकर ₹1500 किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के रोजगार मेले आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने विभाग द्वारा संचालित दुकान निर्माण योजना सहित विभिन्न रोजगार प्रदान करने वाली योजनाओं की जानकारी देते हुए दिव्यांगजनों को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया। मंत्री जी ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर नई योजनाएं संचालित कर रही है।
उन्होंने स्पार्क मिंडा कंपनी द्वारा दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाने की सराहना करते हुए कंपनी की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम में विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन की संचालिका ममता चौधरी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान, स्पार्क मिंडा टीम का नेतृत्व कर रहीं कुमारी अंजली, कंपनी के अन्य पदाधिकारी, कॉलेज स्टाफ तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।







Post A Comment: