ब्यूरो चीफ मनोज कुमार दिल्ली: 

उत्तर पूर्वी जिला डीसीपी आफिस से चंद कदमों की दूरी पर जीटी रोड वेलकम इलाके में स्कूटी और स्कार्पियो सवार बदमाशों ने सरेराह सोना कारोबारी पिता-पुत्र से एक किलो सोना, स्कूटी और चेन लूट ली। सोने की कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। भोपुरा बार्डर के पास पुलिस ने स्कार्पियो गाड़ी को राेककर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की और चालक को धर दबोचा गया। अन्य बदमाश स्कार्पियो छोड़ सोना लेकर फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बरामद गाड़ी की नंबर प्लेट फर्जी निकली।

रामनगर निवासी अनिश बंसल और उनका बेटा प्रथम बंसल कूचा महाजनी, चांदनी चौक में सोने के व्यापारी हैं। श्री बालाजी ओर्नामेंट के नाम से सोने चांदी का कारोबार करते हैं। सोमवार रात करीब नौ बजे दोनों पिता व पुत्र स्कूटी से लगभग एक किलो सोना लेकर घर लौट रहे थे। सोने की डिलीवरी उन्हें गुड़गांव निवासी एक अन्य व्यापारी को करनी थी। दोनों जैसे ही जीटी रोड पर सीलमपुर थाना क्षेत्र के वेलकम पहुंचे, स्कूटी सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी और उनसे झगड़ा करने लगे। इसी बीच एक काले रंग की स्कार्पियो आकर रुकी और हथियारबंद बदमाशों ने उनसे सोने से भरा बैग लूटने का प्रयास किया।  

इस दौरान प्रथम बदमाशों से भिड़ गया और अपने हेलमेट  से ही उनपर वार करने लगा। बदमाशों ने उनकी सोने की चेन और मोबाइल भी लूट लिया। इस दौरान बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और स्कूटी से गिरा दिया। इसके बाद सोना और उनकी स्कूटी लेकर फरार हो गए। बदमाश इतने बेखौफ थे कि उन्होंने डीसीपी आफिस से चंद कदमों की दूरी पर वारदात को अंजाम दिया। अक्सर चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को रोकने वाली सीलमपुर थाने की पुलिस भी कुछ नहीं कर सकी। मामले को गंभीरता से देखते हुए तुरंत एक संदेश प्रसारित किया गया, और रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 16 ई यूं 4040 संदिग्ध स्कॉर्पियो कार को भोपुरा बार्डर के पास से बरामद कर लिया गया। हालांकि कार में सवार कुछ लोग गाड़ी को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

डीसीपी उत्तर पूर्वी जिला आशीष मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस को अलर्ट कर दिया गया और स्कार्पियो और स्कूटी का नंबर फ्लैश किया गया। इस दौरान गाजियाबाद की ओर भाग रहे बदमाशों की कार स्कॉर्पियो  को भोपुरा बार्डर पर रोककर चालक को पकड़ लिया गया। अन्य बदमाश कार से उतरकर वहां से फरार हो गए। कार चला रहे बदमाश से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




Share To:

Post A Comment: