ब्यूरो चीफ मनोज कुमार दिल्ली:
पूर्वी दिल्ली, सुबह की शुरुआत फिटनेस के साथ करने वाले एक पुलिसकर्मी के लिए वही पल आखिरी साबित हुआ। उत्तर-पूर्वी जिले के ज्योति नगर थाने में तैनात 38 वर्षीय हेड कांस्टेबल सुभाष बालियान की जिम में वर्कआउट के दौरान अचानक हार्ट अटैक या (ब्रेन हेमरेज) से मौत हो गई। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगी। इस घटना ने ना सिर्फ परिवार, बल्कि पुलिस महकमे को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।
जानकारी के मुताबिक, सुभाष बालियान मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे वेलकम इलाके में स्थित एक जिम में एक्सरसाइज कर रहे थे। वह रोज की तरह सामान्य वर्कआउट कर रहे थे, तभी अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और नाक से ब्लड निकलना शुरू हुआ और वह वहीं गिर पड़े। जिम में मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभालने और मदद पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई। अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
सुभाष बालियान बलबीर नगर में अपने परिवार के साथ रहते थे। पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जबकि उनकी पांच बहनें भी हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि वह पूरी तरह स्वस्थ थे और नियमित रूप से जिम जाते थे। अचानक आई इस मौत ने घर में मातम पसार दिया है। वहीं, पुलिस विभाग में भी उनके सहयोगी इस खबर से स्तब्ध हैं और हर कोई यही कह रहा है कि चिट्ठी ना कोई संदेश, जाने वो कौन सा देश, जहां तुम चले गए। एक हंसता-खेलता फिट जवान यूं अचानक चला जाएगा, किसी ने सोचा नहीं था।




Post A Comment: