ब्यूरो चीफ मनोज कुमार:
नई दिल्ली। गीता कॉलोनी में दिल्ली नगर निगम के एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) के कार्यालय में घुसकर बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। चार युवकों ने मारपीट के दौरान ईंट से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। आरोपियों में से तीन आरोपी सगे भाई हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से मुजफ्फरनगर, यूपी निवासी पीड़ित मयूर कुमार सिंघल दिल्ली नगर निगम में जेई के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे जेई बुध बाजार, पुलिया के पास स्थित अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। तभी तरुण गुप्ता अपने भाई वरुण और अरुण गुप्ता के अलावा एक अन्य साथी साहिल शर्मा के साथ कार्यालय में आ पहुंचा।
आरोपियों ने काम के 'सेटलमेंट' का दबाव बनाते हुए धमकी दी, कहा कि जब तक पीड़ित उनका काम नहीं करेंगे, आरोपी उन्हें इस कार्यालय में काम ही नहीं करने देंगे। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस हाथापाई के बीच मेज पर रखा एक गिलास छिटक कर तरुण गुप्ता की आंख के ऊपर लग गया। अपनी जान बचाने के लिए मयूर भागकर पास की एक दुकान में छिप गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए।
वहां तरुण गुप्ता ने एक ईंट से उनके सिर पर जोरदार हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में मयूर किसी तरह वहां से भागे और वापस अपने कार्यालय में जाकर खुद को अंदर से लॉक कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल जेई को अस्पताल ले जाकर उनका उपचार कराया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



Post A Comment: