पुनीत माथुर। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को पत्र लिख कर आज के तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी बात साझा की। पत्र में उन्होंने लिखा...
प्यारे बच्चों,
आपकी सुरक्षा, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफ़लता हमारी सरकार की प्राथमिकता है। आज मैं तीन महत्वपूर्ण बिंदु आपसे साझा करना चाहता हूं।
आकाश में ऊंची उड़ती पतंग सबको अच्छी लगती है। आपको भी पतंग उड़ाने में मज़ा आता होगा लेकिन, चाइनीज़ मांझे से आपको दूर रहना है। तेज़ धार वाले इस मांझे का उपयोग कानूनन अपराध है। पूरे प्रदेश में इसकी बिक्री, भंडारण और उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। चाइनीज़ मांझे से होने वाली जनहानि को देखते हुए प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। आपको भी इसने सहयोग करना है। स्वयं इसका उपयोग न करें, और दोस्तों को भी जागरुक करें। कोई दुकानदार या अन्य व्यक्ति चाइनीज़ मांझे की बिक्री करता दिखे, तो परिजनों की सहायता से पुलिस को सूचित करें।
दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु है- मोबाइल की लत। बच्चों मोबाइल आपका मूल्यवान समय चुरा लेता है और आपको पता ही नहीं चलता। एक गेम या वीडियो देखने के लिए उठाया गया मोबाइल कई घंटे नष्ट कर देता है। आंखें कमज़ोर करता है और पढ़ाई में बाधा डालता है। इसके स्थान पर कोई रुचि विकसित करें। पुस्तकों से मित्रता करें। दोस्तों के साथ खेलकूद में भाग लें। परिवार के साथ समय बताएं। मोबाइल का उपयोग सीमित समय के लिए करें।
यह समय वैसे भी मोबाइल से दूर रहने का है। बोर्ड परीक्षाएं निकट हैं। पूरे वर्ष आपने लगन और परिश्रम से तैयारी की है। परीक्षा कक्ष में आत्मविश्वास के साथ प्रवेश करें, प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ें और बिना घबराए सहजता से उत्तर लिखें। अपने प्रयास और अनुशासन में कमी न रखें और नकारात्मक विचारों से दूर रहें। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्री कृष्ण कहते हैं-’कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन’ अर्थात् मनुष्य का अधिकार कर्म पर है, उसके परिणाम पर नहीं’। आपकी सीखने की ललक और परिश्रम ही सबसे महत्वपूर्ण है। सभी विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए हृदय से शुभकामनाएं!
आपका
योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी किया गया यह पत्र आप स्वयं पढ़ कर अपने बच्चों को भी पढ़ाएं।


Post A Comment: