ब्यूरो चीफ मनोज कुमार दिल्ली: 

उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र में हुई नाबालिग युवक की चाकू से गोदकर हत्या के मामले को पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों में सुलझा कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 25 मार्च 2026 को दयालपुर पुलिस थाने में एक चाकू मारने की घटना की सूचना मिली थी। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि गली नंबर 13 में एक युवक के ऊपर चाकू से हमला किया गया है। 

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मौजूद लोगों ने बताया कि उसे बेहोशी की हालत में जग प्रवेश अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस टीम जग प्रवेश अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों की टीम ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए ज़ी टीबी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल  से सबूत इकट्ठा किये। 

शुरुआती जांच के दौरान यह बात सामने आई की लड़के को तीन लड़कों ने चाकू से मारा था। मृतक युवक की पहचान सुभान उम्र 16 वर्ष  पुत्र दिलशाद निवासी मकान नंबर 459 गली नंबर 8, 33 फुटा रोड के रूप में हुई। थाना दयालपुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। 

इंस्पेक्टर परमवीर दहिया, थाना अध्यक्ष दयालपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। जिसमें इंस्पेक्टर आनंद कुमार, एसआई राजीव कुमार, एसआई जुगनू त्यागी, कांस्टेबल गुलफाम ने एसीपी दीपक चंद्र की देखरेख में कार्य करते हुए  मामला कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। गठित की गई टीम द्वारा लगातार प्रयासों से युवक के हमलावरों की पहचान की गई। टीम ने 13 से 17 वर्ष की आयु के बीच तीन नाबालिग अपराधियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 

अपराध में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार चाकू भी आरोपियों के कब्जे से बरामद किया। पुलिस द्वारा जांच में तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। साथ ही युवक को मारने की वजह भी बताई। मृतक सुभान के परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद मृत शव को थाना दयालपुर के अंदर ले जाकर सैकड़ो की संख्या में धरना प्रदर्शन किया। उसके परिवार में माता-पिता एक भाई और दो बहन हैं। 

मृतक के परिजनों ने बताया कुछ दिनों पहले सुभान का कुछ आरोपियों से रील बनाने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद उस समय मामला समझा बूझा कर शान्त  हो गया था। 25 मार्च की रात इन लड़कों ने सुभान को फोन करके नेहरू विहार की चांद मस्जिद के पास बुलाया था। फिर सुभान को लेकर बुध बाजार में आर्यन डेरी से आगे वाली गली में लेकर पहुंचे। पहले तीनों आरोपी सुभान से गले मिले, उसके बाद चाकू से कई वार किये। आरोपी सुभान को घायल अवस्था में ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। 

परिजनों ने सुभान का शव थाने में रखकर सख्त कार्यवाही की मांग करते हुए आरोप लगाया कि नाबालिगों की आड़ में बालिगों को बचाया जा रहा है। मौके पर उत्तर पूर्वी दिल्ली के थाना ज्योति नगर, थाना गोकलपुरी, सहित तीन थाना अध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।  

मृतक सुभान पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलवाने की बात कही है। साथ ही आरोपियों को फांसी पर चढ़ाने की भी बात कही है। मौके पर मौजूद रहे आल्हा अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को समझा बुझा कर मामला शांत किया और आश्वासन दिया न्यायालय आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगा।  मृतक के परिवार वाले मृतक को कब्रिस्तान अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।



Share To:

Post A Comment: