ग़ाज़ियाबाद। बृहस्पतिवार 8 अक्टूबर को जनता दर्शन में शास्त्री नगर, गाजियाबाद निवासी एक दिव्यांगजन ने जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ के समक्ष अपनी समस्याएँ रखीं। दिव्यांगजन ने पेंशन, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड से संबंधित दिक्कतों से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।
दिव्यांगजन को आवागमन में सुविधा देने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने व्हीलचेयर उपलब्ध कराई। जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में ही व्हीलचेयर प्रदान की। इस दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान उपस्थित रहे। उन्होंने दिव्यांगजन को विभागीय योजनाओं और उनसे लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता से समाधान किया जाए। उन्होंने दिव्यांगजन को आश्वस्त किया कि किसी भी समस्या के लिए वे जनता दर्शन में आकर अपनी बात रख सकते हैं और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उसका नियमानुसार समाधान कराया जाएगा।
जनता दर्शन में दिव्यांगजनों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर त्वरित कार्रवाई करने की जिलाधिकारी की पहल से उनमें प्रशासन के प्रति विश्वास और भरोसा बढ़ा है। व्हीलचेयर मिलने और समस्याओं का समाधान होने पर दिव्यांगजन के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उन्होंने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।




Post A Comment: