ग़ाज़ियाबाद : बृजेश श्रीवास्तव। बृहस्पतिवार 12 अक्टूबर 2023 को गाजियाबाद के सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्यमंत्री जनरल डॉ विजय कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रोहतक, हरियाणा में परम पूजनीय ब्रह्मलीन महंत श्री चाँदनाथ जी महाराज के आठमान भण्डारा व शंखढाल, मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा एवं देशमेला कार्यक्रम में उपस्थित हुए। 

उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री वीके सिंह एक साथ ही गाजियाबाद पहुँचे। गाजियाबाद पहुँचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्री वीके सिंह ने आगामी दिनों में वसुंधरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आयोजित होने वाली जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। 

जहां अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उसके बाद गाजियाबाद के जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने भारत की पहली रैपिड रेल के कार्यों का निरीक्षण किया और एक समीक्षा बैठक की। 

आगामी दिनों में लगभग नवरात्रि के समय पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की पहली रीजनल रैपिड रेल का उदघाटन करने वाले हैं। पहले चरण में यह रैपिड रेल गाजियाबाद के साहिबाबाद से लेकर दुहाई तक चलाई जा रही है। 17 किलोमीटर के इस रास्ते में जल्द ही आपको रैपिड रेल गति भरती हुई नजर आएगी। 

आज आयोजित समीक्षा बैठक में  केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गाजियाबाद के विकासात्मक कार्यों पर चर्चा की। इसमें मुख्य रूप से नोएडा के सेक्टर 62 से मेट्रो के विस्तारीकरण पर बात हुई ताकि मेट्रो की लाइन को गाजियाबाद से जोड़ा जाए जिसका लाभ गाजियाबाद के लोगों को मिल सके। उसके बाद साहिबाबाद हॉस्पिटल से संबंधित महत्वपूर्ण वार्ता वीके सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने गाजियाबाद के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्टेडियम के संबंध में मुख्यमंत्री से वार्ता की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द सभी बाधाओं को समाप्त करें ताकि गाजियाबाद में विशालकाय स्पोर्ट्स स्टेडियम बनने का रास्ता साफ हो सके। 

इसके साथ ही सांसद वीके सिंह ने गाजियाबाद में सड़कों के निर्माण व अन्य विकासात्मक कार्यों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने वीके सिंह को आश्वस्त करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को  निर्देशित किया कि जल्द से जल्द सभी कार्यो को किया जाए ताकि गाजियाबाद के लोग उन सुविधाओं से लाभांवित हो सके। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद केंद्रीय मंत्री वीके सिंह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हरियाणा गए।

Share To:

Post A Comment: