ब्यूरो चीफ मनोज कुमार:
दिल्ली। बुधवार को विश्व क्षय रोग दिवस अभियान 2026 के अंतर्गत चेस्ट एवं टीबी क्लिनिक, जीटीबी अस्पताल द्वारा जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जितेन्द्र शर्मा के निर्देशन में, डॉ. दीपक राणा के सहयोग से तथा रविन्दर शर्मा (सुपरवाइज़र) की सक्रिय सहभागिता एवं प्रबंधन में टीबी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
यह रैली डॉ. सोमदत्ता पात्रा, निदेशक प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, सामुदायिक चिकित्सा विभाग तथा डॉ. बिनीता कश्यप, निदेशक प्रोफेसर, सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के समन्वय से आयोजित की गई, जिसमें यूसीएमएस एवं जीटीबी अस्पताल के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों, फैकल्टी सदस्यों एवं चिकित्सकों ने भाग लिया।
रैली को यूसीएमएस के प्रधानाचार्य डॉ. धीरज शाह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर एमबीबीएस छात्र-छात्राओं, स्नातकोत्तर चिकित्सकों एवं फैकल्टी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आमजन को टीबी के शीघ्र निदान, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत उपलब्ध निःशुल्क उपचार सेवाओं, उपचार अनुपालन तथा जनभागीदारी के महत्व के प्रति जागरूक किया, जिससे टीबी-मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
रैली के उपरांत टीबी जागरूकता हेतु कलाकारों द्वारा दो नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। पहला नुक्कड़ नाटक चेस्ट एवं टीबी क्लिनिक, जीटीबी अस्पताल परिसर में आयोजित किया गया। जिसका सफल संचालन साधना अग्रवाल, एवं अशोक गुप्ता द्वारा, राजेश कुमार एवं अर्पित कुमार के सहयोग से किया गया। दूसरा नुक्कड़ नाटक सुंदर नगरी सामुदायिक क्षेत्र में आयोजित किया गया, जिसका सफल संचालन डॉट्स सेंटर से पवन एवं राहुल द्वारा किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय समुदाय को टीबी की रोकथाम, सामाजिक कलंक में कमी तथा सरकारी सेवाओं के उपयोग के लिए जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय थीम “हाँ! हम टीबी समाप्त कर सकते हैं — भारत के नेतृत्व में, जनभागीदारी से सशक्त।” के अनुरूप आयोजित किया गया।





Post A Comment: