ग़ाज़ियाबाद : प्रदीप तिवारी। रविवार 11 जून। आम आदमी पार्टी ग़ाज़ियाबाद के द्वारा  नवनिर्वाचित पार्षदों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया तथा चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।  निर्वाचित पार्षदों के अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी देश की एक नवसृजित पार्टी है। जिसे दिल्ली में तमाम षड्यंत्र के बावजूद भी दिल्ली की जनता ने स्वीकार किया। बार बार दिल्ली की जनता ने एक बड़ा जनादेश आम आदमी पार्टी को दिया है। 

आज उसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश की जनता ने भी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मॉडल को स्वीकार कर प्रदेश के कई जनपदों में निकाय अध्यक्ष चुनकर  आम आदमी पार्टी में अपनी आस्था व्यक्त की है। 

जनता ने नफरत की राजनीति को नकार कर शिक्षा व स्वास्थ्य तथा समग्र विकास को तरजीह दी है। जनता बहुत जागरूक हो चुकी है। वह अपनी एक उंगली से लोकतंत्र को बदलने की पूरी हिमाकत रखती है। आने वाले लोकसभा चुनाव में भी जनता नफरत की राजनीति फैलाने वालों को अपने वोट के प्रहार से कड़ा जवाब देगी। 

चुनाव में भागीदारी करने वाले सभी पार्टी प्रत्याशियों व स्थानीय जनता ने मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद संजय सिंह का स्वागत किया।

पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ सचिन शर्मा ने कहा कि हमारी पार्टी के सभी प्रत्याशियों ने कड़ी मेहनत के साथ चुनाव लड़ा। आम आदमी पार्टी जाति धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे दिल्ली मॉडल पर काम करने के लिए संकल्पबद्ध है। 

इसी का परिणाम है कि हमारे नवनिर्वाचित पार्षदों की पहली बार ग़ाज़ियाबाद नगर निगम में आमद दर्ज़ होगी। 

सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश के आने वाले लोकसभा चुनाव में हम अपने उत्तर प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह के कुशल नेतृत्व व  मार्गदर्शन में देश की संसद में सर्वाधिक सांसदों की एक विशिष्ट उपस्थिति दर्ज कराएंगे। 

कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पार्षद अंसार चौधरी, जाकिर अली सैफी, जगत सिंह तथा लोनी के वार्ड 32 से निर्दलीय सभासद को भी पार्टी की  सदस्यता ग्रहण कराकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता सोमेंद्र ढाका ने भी संबोधित किया। 

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना, मोहित चौधरी, जेपी सिंह, शब्बीर मलिक, पंकज शर्मा, गौरव निर्वाण, सबा इक़बाल, अधिवक्ता अनिल हटैत, जया भाटी,  संजय मिश्रा, संजय सिंह, प्रदीप कुमार, हेमंत सिंह परिहार, संस्कार शर्मा, सोनू आनन्द, विकास राज, सुरेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे ।

Share To:

Post A Comment: