नई दिल्ली : पुनीत कृष्णा। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या की गुत्थियों को सुलझाने में लगी मुंबई पुलिस ने अब तक करीब 28 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। इस दौरान सुशांत की आखिरी कोस्टार रहीं संजना सांघी के बयानों से कुछ बेहद हैरान करने वाली जानकारियां सामने आईं हैं। 

बता दें कि 2018 में मीटू (#Metoo) मूवमेंट के दौरान  एक्ट्रेस संजना सांघी ने सुशांत सिंह राजपूत पर गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया गया था। इस आरोप के चलते सुशांत को कई मीडिया ट्रायल्स का सामना करना पड़ा था। 


हालांकि बाद में संजना ने एक बयान जारी कर कहा था कि उन्होंने ऐसा कोई आरोप नहीं लगाया है बल्कि ये सब किसी के द्वारा फैलाई गई अफवाहें हैं। 

अब संजना सांघी ने पुलिस को इन आरोपों के संबंध में बताया है  कि जिस समय मीटू के आरोप सुशांत पर लगे उस दौरान वो अपने परिवार के साथ यूएस टूर पर थीं और उन्हें इस सब के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होने ये भी कहा कि इंडिया वापस आते ही उन्होंने इन आरोपों का खंडन किया था। 

संजना ने पुलिस को बताया कि जब तक वो वापस आईं तब तक सुशांत काफी कुछ झेल चुके थे।  हालांकि वो सुशांत के साथ काफी नॉर्मल थीं क्योंकि उन्हें पता था कि इनमें कोई सच्चाई नहीं है। लेकिन सुशांत इस सब से बहुत परेशान हुए थे और खुद में सिमट से गए थे, वो ज्यादा कुछ बोलते नहीं थे। 

हालांकि धीरे-धीरे वो नॉर्मल होने लगे थे और उन्होंने फिल्म की शूटिंग के दौरान संजना की बहुत मदद भी की थी। 

बता दें कि 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या से दुखी संजना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर रोते हुए सुशांत के चले जाने पर दुःख जताया था और उन्हें एक बेहतरीन इंसान के साथ - साथ एक प्रतिभावान कलाकार भी बताया था।
Share To:

Post A Comment: