आवंटी के भवन की रजिस्ट्री की कार्यवाही तत्काल पूर्ण कराने के उपाध्यक्ष ने दिए निर्देश
ग़ाज़ियाबाद। ग़ाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के समक्ष आयोजित जनसुनवाई के दौरान दर्शन सिंह मेहता, पुत्र कुशल सिंह मेहता, निवासी जी-8, एस-1 स्वरूप पार्क अपार्टमेंट साहिबाबाद द्वारा अपने भवन की रजिस्ट्री से संबंधित समस्या प्रस्तुत की गई।
आवंटी द्वारा अवगत कराया गया कि भवन संख्या जे-701, 2 बीएचके टाइप-1, इन्द्रप्रस्थ योजना का आवंटन प्राधिकरण द्वारा “पहले आओ पहले पाओ” योजना के अंतर्गत किया गया था। उक्त भवन का आवंटन पत्र दिनांक 05.06.2025 को जारी किया गया तथा आवंटन पत्र सी0डी0एस0 अनुभाग में दिनांक 06.06.2025 को प्राप्त हुआ था।
आवंटी द्वारा जनसुनवाई में यह भी अवगत कराया गया कि भवन की देय धनराशि एवं भुगतान व्यवस्था से संबंधित प्रकरण में लिपिक स्तर पर हुई त्रुटि के कारण उनके समक्ष अतिरिक्त देयता की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके कारण भवन की रजिस्ट्री की कार्यवाही अभी तक पूर्ण नहीं हो सकी थी।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उपाध्यक्ष, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा तत्काल आवंटी के घर जाकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देशों के अनुपालन में संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा आवंटी के भवन पर जाकर उनकी समस्या को व्यक्तिगत रूप से सुना गया तथा प्रकरण से संबंधित आवश्यक कार्यवाही करते हुए उनकी समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
उपाध्यक्ष जीडीए द्वारा निर्देशित किया गया कि आवंटी से संबंधित शेष औपचारिकताओं को तत्काल पूर्ण कराते हुए भवन की रजिस्ट्री नियमानुसार प्राधिकरण द्वारा शीघ्र संपादित कराई जाए, ताकि आवंटी को अनावश्यक रूप से किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उक्त त्वरित कार्रवाई एवं समस्या के निस्तारण से शिकायतकर्ता/आवंटी द्वारा संतोष व्यक्त किया गया तथा प्राधिकरण द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए संबंधित प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।




Post A Comment: